
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 (फेज-1) के दौरान सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कुल 51 कर्मियों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया। इन पुरस्कारों में सात कीर्ति चक्र, 15 वीर चक्र और 29 शौर्य चक्र शामिल हैं। सम्मानित किए गए जवानों और अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस, अदम्य वीरता और अपनी जान की परवाह किए बिना राष्ट्र सेवा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कीर्ति चक्र पाने वालों में भारतीय वायुसेना के अधिकारी और गगनयान मिशन के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन (अब एयर कमोडोर) प्रशांत बालकृष्णन नायर भी शामिल रहे।
कई पुरस्कार मरणोपरांत
समारोह में शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को भी याद किया गया। राष्ट्रपति ने दो कीर्ति चक्र, तीन वीर चक्र और एक शौर्य चक्र मरणोपरांत प्रदान किए। शहीदों के परिजनों ने राष्ट्रपति से ये सम्मान प्राप्त किए।







