उत्तर प्रदेशताजा खबर

युवाओं को रोजगार मांगने के बजाए रोजगार देने वाला बनना चाहिए – जिलाधिकारी चित्रकूट

चित्रकूट। भारत सरकार की ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के अंतर्गत, जिला प्रशासन चित्रकूट के सहयोग से आज ऑडिटोरियम भवन, सोनेपुर में एक दिवसीय भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का *मुख्य उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और स्टार्टअप की बारीकियों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य  अतिथि के रूप में मौजूद जिलाधिकारी  पुलकित गर्ग द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक (चित्रकूट-बांदा) पंकज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष (कर्वी)  नरेंद्र गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी एवं उपायुक्त उद्योग  एस.के. केसरवानी अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक श्री अनुराग शर्मा सहित विभिन्न प्रदेशों से आए विषय विशेषज्ञ वक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद चित्रकूट का स्टार्टअप इंडिया पहल का लोगो भी जारी किया गया।
युवाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं  मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में युवाओं के लिए स्टार्टअप के माध्यम से असीम अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए। स्टार्टअप न केवल व्यक्तिगत लाभ देता है, बल्कि समाज के लिए रोजगार के द्वार भी खोलता है।
जिलाधिकारी ने उबर, ओला और पेटीएम जैसे वैश्विक ब्रांडों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एक छोटे से विचार  ने आज हज़ारों लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि वे पारंपरिक नौकरियों के पीछे भागने के बजाय अपना उद्योग स्थापित कर ‘वैल्यू’ कमाएं।
कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विकास हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि जनपद में बोट एवं स्पीड बोट जैसे अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवाओं को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अनुमति व सहयोग प्रदान किया जाएगा।
  जिलाधिकारी ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक के ऋण का लाभ उठाकर युवा अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं।
 डीएम ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि जनपद चित्रकूट में ”इंक्यूबेशन सेंटर” की स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जहाँ युवाओं को विशेषज्ञ टीम द्वारा उचित मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ न करने और मोबाइल का उपयोग रचनात्मक व कौशल विकास के कार्यों में करने की सलाह दी।
कार्यशाला के द्वितीय चरण में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधे प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला द्वारा किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारी संख्या में जनपद के छात्र-छात्राएं एवं नवोदित उद्यमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – वीरेंद्र शुक्ला चित्रकूट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *