
पेरिस। अमरीका और ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस समझौते पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बैठक के दौरान पेरिस के वर्सेल्स पैलेस में दस्तख़त किए, जबकि ईरान के राष्ट्रपति पजशकियान ने तेहरान में हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं के हस्ताक्षर के बाद भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह पांच बजे से यह समझौता प्रभावी हो गया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार 14 सूत्रीय समझौते में कहा गया है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे। साथ ही इसमें ईरान के ‘पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास’ के लिए 300 अरब डॉलर के कोष का प्रावधान किया गया है। हालांकि अमरीका के लिए इसमें योगदान देना अनिवार्य नहीं है। यह समझौता अमरीका-ईरान और इज़रायल के बीच टकराव शुरू होने के चार महीने बाद हुआ है।
फ्रांस के राष्ट्रति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पर ट्रंप के इस समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए वीडियो पोस्ट करते हुए बुधवार को लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने आज रात वर्सेल्स में ईरान और अमरीका के बीच समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए। यह समझौता हमेशा रहने वाली शांति का रास्ता बनाता है और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की इजाज़त देता है। यह हमारे देशवासियों के लिए सही दिशा में एक ज़रूरी कदम है जिससे जल्द ही एनर्जी की कीमतों में कमी आएगी।”







