
बीजिंग। भारत और चीन में एक बार फिर तनाव बढऩे के आसार हैं। अब चीन के विदेश मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश को तथाकथित करार दिया है। साथ ही कहा है कि इसे भारत ने अवैध रूप से स्थापित किया है। चीन का दावा है कि जांगनान में क्षेत्र में कुछ स्थानों के नाम रखने का अधिकार हमारे पास है। खास बात है कि भारत ने चीन की तरफ से भारतीय क्षेत्र को ‘काल्पनिक नाम’ रखने की कोशिशों को खारिज कर दिया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने अरुणाचल प्रदेश पर दावे की बात कही। उन्होंने कहा कि चीन का कहना है कि जांगनान उसका अपना इलाका है और उसने भारत की तरफ से अवैध रूप से बनाए गए तथाकथित ‘अरुणाचल प्रदेश’ को कभी स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जांगनान के इलाकों के नामों को अपने हिसाब से बदलना उसका अधिकार है। चीन की तरफ से अरुणाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के नए नाम प्रकाशित करने के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।










