
नई दिल्ली। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद देशभर में गम और गुस्सा है। इस बीच खुफिया एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में सक्रिय 14 लोकल आतंकवादियों की एक लिस्ट तैयार कर ली है। ये लोकल आतंकी पाकिस्तानी दहशतगर्दों के मजबूत मददगार हैं। ये न सिर्फ स्थानीय स्तर पर सपोर्ट और लॉजिस्टिक सहायता देते हैं, बल्कि आतंकियों को पनाह और संसाधन भी मुहैया कराते हैं। सुरक्षा बलों ने तय कर लिया है कि अब इनका बारी-बारी से सफाया होगा। इन आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। इन आतंकियों का चुन-चुन कर सफाया हो रहा है। इसके साथ ही इनके घरों पर भी बड़ा प्रहार होगा। शनिवार को पुलवामा और कुलगाम में आतंकियों के घरों को आईईडी ब्लास्ट से ध्वस्त कर दिया गया है।
निशाने पर हैं ये आतंकी
1. आदिल रहमान देंतू: लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का सोपोर का कमांडर है। 2021 से आतंकी गतिविधियों में एक्टिव है। सोपोर का लश्कर का डिस्ट्रिक्ट कमांडर भी है। जांच एजेंसियां इसकी तलाश कर रही हैं। या तो यह मारा जाएगा या फिर इसके घरों को जमींदोज कर दिया जाएगा।
2. आसिफ अहमद शेख: जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का आतंकी है और अवंतीपुरा का जिला कमांडर है। 2022 से लगातार आतंकी गतिविधियों में शामिल है।
3. एहसान अहमद शेख: पुलवामा में एक्टिव है। लश्कर-ए- तैयबा का आतंकी है। 2023 से लगातार आतंकी गतिविधियों में शामिल है। सुरक्षा एजेंसियों को इसकी तलाश है। जल्द ही यह ढेर होगा या इसके घर को जमींदोज किया जाएगा।
4. हरीश नजीर:पुलवामा का आतंकी है। लश्कर-ए-तैयबा में एक्टिव आतंकी है। सुरक्षा बलों की
रडार पर है।
5. आमिर नाजिर वानी: यह भी पुलवामा में एक्टिव टेररिस्ट है। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है।
6. यावर अहमद भट्ट: पुलवामा में पूरे तरीके से एक्टिव है। जेईएम का आतंकी है।
7. आसिफ अहमद कंडे: ये शोपियां का आतंकवादी है। जुलाई, 2015 में हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी संगठन में शामिल हुआ। इस वक्त एक्टिव टेररिस्ट के तौर पर काम कर रहा है और पाकिस्तानी आतंकवादियों का मददगार है।
8. नसीर अहमद वानी: शोपियां में लगातार आतंकी गतिविधियों में शामिल है। लश्कर-ए-तैयबा का एक्टिव टेररिस्ट है। यह पाकिस्तानी आतंकवादियों की बड़ी मदद करता है।
9. शाहिद अहमद कुटे: ये शोपियां में ही एक्टिव है। लश्कर और टीआरएफ का बड़ा आतंकी है। 2023 से इस एरिया में एक्टिव है।
10. आमिर अहमद डार: यह लोकल आतंकवादी है। शोपियां में 2023 से एक्टिव है। लश्कर-ए- तैयबा और टीआरएफ के साथ मिलकर काम कर रहा है। विदेशी आतंकवादियों का बड़ा मददगार है।
11. अदनान सफी डार: ये शोपियां जिला का एक्टिव आतंकवादी है। 2024 में आतंकी संगठन में शामिल हुआ। लश्कर-ए-तैयबा और टीआरएफ के साथ एक्टिव तौर पर काम कर रहा है। पाकिस्तानी हैंडलर की सूचना आतंकवादियों तक पहुंचाता है।
12. जुबेर अहमद वानी: ये हिजबुल मुजाहिद्दीन का अनंतनाग का ऑपरेशनल कमांडर है। ए प्लस का एक्टिव आतंकी है। आतंकियों के मददगार के तौर पर बड़ा काम करता है। सुरक्षा बलों पर हमले में भी कई बार इसका नाम आ चुका है। 2018 से यह आतंकी एक्टिव है।
13. हारून रशीद गनी: यह अनंतनाग का हिजबुल मुजाहिद्दीन का एक्टिव आतंकी है। सुरक्षा बलों को इसकी तलाश है। कुछ साल पहले यह पाक अधिकृत कश्मीर भी गया था, जहां से इसको ट्रेनिंग मिली है।
14. जुबेर अहमद गनी: यह कुलगाम का बड़ा आतंकी है। लश्कर-ए-तैयबा में शामिल होकर लगातार सुरक्षा बलों और टारगेटेड किलिंग में शामिल रहता है। द रेजिस्टेंट फ्रंट से भी जुड़ा हुआ है।