
मास्को। रूस के सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी सर्गेई शोइगु ने गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की है। मास्को में हुई इस बैठक में शोइगु ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक रूप से मजबूत करने पर जोर दिया है। शोइगु ने कहा कि भारत के साथ संबंधों को मजबूत करना रूस के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने डोभाल के साथ मुलाकात के जरिए अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी संदेश देने की कोशिश की है। पूर्व में रूस के रक्षा मंत्री रह चुके शोइगु ने डोभाल से बैठक के दौरान अमरीका के मुकाबले में एक नई व्यवस्था तैयार करने का संकेत दिया। उन्होंने भारत के साथ अपने देश के मजबूत मैत्री संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि एक नई, निष्पक्ष और टिकाऊ विश्व व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने इशारे में दुनिया से अमेरिकी दादागिरी का तोड़ ढूंढऩे के लिए कहा। एनएसए अजीत डोभाल ने मॉस्को में शोइगु के साथ बैठक में दोनों देशों को भरोसेमंद सहयोगी बताया। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के बारे में जानकर उत्साहित हैं। इसकी तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं और जल्दी ही ऐलान किया जाएगा। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद सपोर्ट के लिए भी रूसी राष्ट्रपति का धन्यवाद किया। अजीत डोभाल मंगलवार को रूस पहुंचे हैं।
सुरक्षा संबंधों और रक्षा खरीद पर बातचीत
रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी सर्गेई शोइगु ने भारत और रूस के बीच सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने का आह्वान किया है। रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव ने गुरुवार को अपने भारतीय समकक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बातचीत की, जो इस समय भारत और रूस के बीच सुरक्षा तथा रक्षा संबंधों पर चर्चा करने के लिए मास्को में हैं। श्री डोभाल की अपने रूसी समकक्ष और अन्य उच्च पदस्थ रूसी अधिकारियों के साथ चर्चा मुख्य रूप से आतंकवाद-निरोध, सहयोग, और अधिक एस-400 प्रणालियों की आपूर्ति तथा रूस के पांचवीं पीढ़ी के सुखोई एसयू-57 लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद पर केंद्रित होगी।