
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गगनयान मिशन की तरफ एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए पहला एयर ड्रॉप टेस्ट (आईएडीटी-01) किया, जो पूरी तरह सफल रहा। इस दौरान पैराशूट की मदद से अंतरिक्ष यान की गति कम करने की तकनीक को आजमाया गया। इस टेस्ट में भारतीय वायु सेना, डीआरडीओ, नौसेना और तट रक्षक बल ने भी मदद की। इसरो ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह टेस्ट कई संगठनों के सहयोग से पूरा हुआ। केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि गगनयान मिशन के लिए रॉकेट का निर्माण और जमीन पर टेस्ट पूरा हो चुका है। अंतरिक्ष यान के क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल के इंजन बनाए और टेस्ट किए जा चुके हैं। क्रू को बचाने के लिए पांच तरह के मोटर तैयार किए गए और उनका टेस्ट भी हो गया।
साथ ही, मिशन के लिए कई सुविधाएं जैसे तैयारी केंद्र, नियंत्रण कक्ष, क्रू ट्रेनिंग सेंटर और नया लांच पैड बनाया गया है। पहले बिना इनसान वाले मिशन (त्र1) के लिए क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल तैयार हैं और उनकी शुरुआती जांच पूरी हो चुकी है। क्रू को वापस लाने के लिए उपकरण और योजना भी तैयार है। गगनयान मिशन का लक्ष्य भारत को एक मजबूत अंतरिक्ष शक्ति बनाना है, जो विकसित भारत के सपने को पूरा करने में मदद करेगा। इसके बाद भारत 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाएगा और 2040 तक चंद्रमा पर भारतीय को उतारेगा।