
वाशिंगटन। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में प्रधानमंत्री मोदी की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठक के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अपनी भड़ास निकाली है। ट्रंप ने भारत के साथ अमरीकी व्यापार को एकतरफा आपदा बताते हुए कहा कि भारत वर्षों से हमारे साथ एकतरफा व्यापार कर रहा है। भारत हमें बहुत ज्यादा मात्रा में सामान बेचता है, जबकि हमारे व्यापारी उन्हें बहुत कम सामान बेचते हैं। चीन के तियानजिन में हुई एससीओ समिट में पीएम मोदी की भागीदारी के बाद ट्रंप का यह पहला रिएक्शन है। सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर अपनी भड़ास निकालते हुए ट्रंप ने लिखा, बहुत कम लोग यह समझते हैं कि हम भारत के साथ बहुत कम व्यापार करते हैं, जबकि वह हमारे साथ बहुत ज्यादा व्यापार करते हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो भारत हमें बहुत ज्यादा मात्रा में सामान बेचता है, जबकि हम भारत को बहुत कम मात्रा में सामान बेचते हैं।
हम उनके सबसे बड़े ग्राहक हैं, लेकिन हमारा सामान उनके यहां नहीं बिकता… अब तक यह रिश्ता एकतरफा रहा है। ट्रंप यही नहीं रुके, उन्होंने भारत द्वारा अमरीका से खरीदे जाने वाले कच्चे तेल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा कि भारत अपना ज्यादातर तेल और सैन्य साजो सामान रूस से खरीदता है, यह अमरीका से बहुत कम सामान खरीदता है। इसके अलावा वह हमारे ऊपर बहुत ज्यादा मात्रा में टैरिफ भी लगाता है। यह किसी अन्य देश की तुलना में बहुत ज्यादा है। इसकी वजह से हमारे व्यवसायी भारत में व्यापार नहीं कर पाते।