ताजा खबरदिल्लीभारत

5 साल बाद भारत-चीन में हवाई सेवा बहाल, डोकलाम विवाद के बाद बंद कर दी गई थीं सीधी उड़ानें

नई दिल्ली।  भारत और चीन ने लंबे समय बाद सीधे हवाई उड़ानों को फिर से शुरू करने पर सहमति दी है। यह कदम गलवान संघर्ष के बाद पांच साल तक तनावपूर्ण रिश्तों के बाद उठाया गया है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। इसके बाद एयरलाइन इंडिगो ने भी ऐलान किया है कि वह 26 अक्तूबर से भारत-चीन के बीच प्रत्यक्ष उड़ानों को फिर से शुरू करेगी। दरअसल, विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि इस साल की शुरुआत से ही भारत और चीन के बीच संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य करने के सरकार के दृष्टिकोण के तहत दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों ने तकनीकी स्तर पर वार्ता की है, ताकि सीधी हवाई सेवाओं को फिर से शुरू किया जा सके और एयर सर्विसेज एग्रीमेंट में संशोधन किया जा सके। सीधी उड़ानें डोकलाम विवाद के बाद बंद कर दी गई थीं और कोविड-19 महामारी के कारण इसे और आगे टाला गया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अब बातचीत के बाद तय हुआ है कि भारत और चीन के चुनिंदा हवाई मार्गों पर सीधी उड़ानें अक्तूबर 2025 के अंत तक शुरू हो जाएंगी। यह उड़ानें दोनों देशों की एयरलाइंस की व्यावसायिक मंजूरी और सभी संचालन नियमों के पालन पर निर्भर होंगी। इस समझौते से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क आसान होगा और द्विपक्षीय रिश्ते धीरे-धीरे सामान्य होंगे। इंडिगो ने कहा कि हाल की कूटनीतिक पहल के बाद एयरलाइंस ने अपनी सेवाओं को मुख्यभूमि चीन के लिए फिर से शुरू करने की घोषणा की है, जो कोलकाता से ग्वांगझू के बीच दैनिक, गैर-स्टॉप उड़ानें 26 अक्तूबर से संचालित करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *