
बोगोटा। लैटिन अमरीकी देशों के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोलंबिया में कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। ऐसा होना देश के लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। इससे देश में संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। कोलंबिया की ईआईए यूनिवर्सिटी में ‘द फ्यूचर इज टुडे’ कान्फ्रेंंस में उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और लोकतंत्र है, लेकिन मौजूदा हालात में इन मूल्यों पर खतरा मंडरा रहा है। भारत का लोकतंत्र सिर्फ हमारी राजनीति नहीं, बल्कि हमारी पहचान है। जब उस पर हमला होता है, तो यह पूरे देश को कमजोर करता है। उन्होंने केंद्र सरकार (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग चाहते हैं कि हर संस्थान सिर्फ उनके हिसाब से काम करे।
यह भारत की आत्मा के खिलाफ है। असहमति की आवाज को लोकतंत्र में जगह मिलनी चाहिए। छात्रों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत में एआई हेल्थ औए एजुकेशन में बड़ा रोल निभाने वाला है। भारत में बड़ा हिस्सा प्राइवेट अस्पतालों से सेवा लेता है। लेकिन आप सफल देश नहीं हो सकते, जब तक एक बड़े गरीब तबके को आप सरकारी सुविधाएं नहीं प्रदान कर सकते। हमारी पार्टी के विचार इसको लेकर एक मत हैं। भारत में नौकरियां कम होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी ने भारत की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। वर्तमान सरकार सोचती है कि कुछ लोगों के हाथों में ही पूरी इकोनॉमी सौंप देनी चाहिए। साथ ही पूरे देश में सेंट्रलाइज्ड करप्शन है।