
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान के पास बुधवार तड़के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान स्थानीय लोगों के पथराव करने से पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में रामलीला मैदान के पास तुर्कमान गेट पर फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध ढांचों के खिलाफ हटाने का अभियान शुरू किया था, तभी यह घटना हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी निधिन वालसन ने मीडिया कर्मियों से कहा कि लगभग 25-30 लोगों ने पुलिस टीमों पर पत्थर फेंके, जिसमें पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गये। उन्होंने कहा, “हमें स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। वहां एक बैंक्वेट हॉल और एक दवाखाना था, जिन्हें गिरा दिया गया है। यह अभियान रात में चलाया गया, ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो।” उन्होंने कहा कि पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के एक बयान में कहा गया है, “सभी संभावित निवारक और विश्वास- बनाये रखने के उपाय किये गये। विध्वंस के दौरान, कुछ शरारती तत्वों ने पथराव करके अशांति फैलाने की कोशिश की। स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया गया और बल का न्यूनतम उपयोग किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि बिना किसी किसी परेशानी के सामान्य स्थिति बहाल हो जाए। “
अधिकारी ने कहा, “दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही यह भी सुनिश्चित करती है कि सभी न्यायिक निर्देशों को कानूनी, पेशेवर और संवेदनशील तरीके से लागू किया जाए। “









