
मास्को। मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल युद्ध ने पूरी दुनिया को ऊर्जा संकट की दहलीज पर खड़ा कर दिया है। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोप की दुखती रग पर हाथ रख दिया है। पुतिन ने संकेत दिया है कि रूस, यूरोप को होने वाली गैस सप्लाई पूरी तरह बंद करने पर विचार कर सकता है। इस बयान के बाद यूरोपीय बाजारों में गैस की कीमतें 50 फीसदी से ज्यादा उछल गई हैं। रूसी राष्ट्रपति ने एक बयान में कहा कि शायद हमारे लिए यह सही होगा कि हम अभी यूरोपीय बाजारों को गैस की सप्लाई रोक दें। हालांकि उन्होंने तुरंत यह भी जोड़ा कि यह अभी कोई फैसला नहीं है, मैं बस जोर से सोच रहा हूं। पुतिन ने कहा कि यूरोप रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की योजना बना रहा है, लेकिन रूस के लिए ‘नए बाजार खुल रहे हैं’। विशेषज्ञों का मानना है कि जब मिडल ईस्ट के कारण पहले ही सप्लाई चेन टूटी हुई है, तब पुतिन का यह बयान यूरोप को पूरी तरह घुटनों पर लाने की कोशिश है। यूरोप में गैस की कीमतों में लगी आग का सबसे बड़ा कारण होर्मुज जलडमरूमध्य का संकट है।









