ताजा खबरदुनियाभारत

भारत यूएन में 135 देशों संग, खाड़ी देशों पर ईरानी हमले के विरोध में प्रस्ताव पारित, रूस-चीन का किनारा

न्यूयॉर्क। अमरीका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग खतरनाक रूप ले चुकी है, जिसने दुनियाभर में उथल-पुथल मचा दी है। भीषण जंग के बीच अब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में ईरान को लेकर एक प्रस्ताव पास हुआ है। प्रस्ताव में ईरान के खाड़ी देशों पर किए जा रहे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की गई है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 130 से अधिक देशों के साथ उस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसमें खाड़ी देशों और जॉर्डन के खिलाफ ईरान के हालिया ‘भीषण’ हमलों की निंदा की गई है। यह प्रस्ताव ईरान के हमलों की भर्त्सना करता है और शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान करता है। इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन को अवरुद्ध करने, बाधित करने या हस्तक्षेप करने की ईरान की किसी भी कार्रवाई या धमकी की कड़ी निंदा की गई है।

इसके साथ ही ईरान द्वारा बाब-अल-मंदेब में समुद्री सुरक्षा को खतरे में डालने वाले किसी भी कदम की भी निंदा की गई है। सुरक्षा परिषद के 15 में 13 सदस्यों ने बहरीन की ओर से पेश किए गए इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। किसी भी देश ने इसके खिलाफ मतदान नहीं किया, जबकि चीन और रूस ने मतदान में भाग नहीं लिया। इस प्रस्ताव का भारत के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान, पाकिस्तान, सऊदी अरब, ब्रिटेन और अमरीका सहित 130 से अधिक देशों ने सह- प्रायोजन किया। कुल 135 सह-प्रायोजकों के साथ, प्रस्ताव ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन की क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए मजबूत समर्थन दोहराया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *