
नई दिल्ली। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर फर्जी पासपोर्ट का आरोप लगाने के दो दिन बाद मंगलवार को असम पुलिस ने दिल्ली में पवन खेड़ा के घर छापा मारा। हिमंता की पत्नी की एफआईआर के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि छापामारी के वक्त पवन खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर से कुछ डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रिक डिवाइस सीज किए। पवन के घर पर मौजूद नहीं होने पर हिमंता ने कहा कि गिरफ्तारी की चुनौती देने वाले खेड़ा अब हैदराबाद भाग गए हैं। कानून अपना काम करेगा। हम खेड़ा को पाताल से ढूंढकर ले आएंगे और पता करेंगे कि उन्हें फर्जी दस्तावेज किसने दिए। मुझे लगता है कि ये डॉक्यूमेंट्स शायद राहुल गांधी ने पवन खेड़ा को दिए होंगे। बता दें दिल्ली पुलिस असम से आए अधिकारियों की सहायता कर रही है। कानून के मुताबिक, अगर किसी एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में जाती है, तो स्थानीय पुलिस को सूचित करना होता है। दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस अधिकारी असम पुलिस की टीम की सहायता कर रहे हैं।









