
नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक पांच मंजिला बिल्डिंग गिर गई। हादसे मेंं तीन छात्रों की मौत हो गई। मलबे में दबे नौ छात्रों का बचाया गया है, जिनमें तीन गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे का शिकार हुई इमारत 40-50 साल पुरानी थी और इसमें होस्टल चलता था। चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त छात्र कमरों में थे और बेसमेंट में तीन दिनों से खुदाई चल रही थी। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में 20 से 25 कमरे थे और हर कमरे में दो छात्र रहते थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे हादसे के वक्त इमारत के अंदर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। उसके बेसमेंट में पिछले 3 दिनों से काम चल रहा था। इमारत में रहने वाले ज्यादातर स्टूडेंट्स हादसे के वक्त सो रहे थे। इमारत के मलबे में कुछ गाडिय़ां भी दब गई हैं। बिल्डिंग के मालिक का नाम आनंद बंसल है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद तमाम राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया, जो खबर लिखे जाने तक जारी था। स्थानीय लोग भी हथौड़े से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे थे। रिपोट्र्स के मुताबिक, मलबे के बगल में एक और बिल्डिंग गिरने की हालत में है। लेकिन लोगों को वहां से निकाल लिया गया है। बता दें कि सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास बसा प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र पीजी और होस्टल में रहते हैं।
इलाके में कई छात्र आवास हैं और आसपास वेंकटेश्वर कालेज, आर्यभट्ट कालेज, मोतीलाल नेहरू कालेज और मैत्रेयी कालेज जैसे संस्थान हैं। इसी वजह से यहां दिनभर छात्रों की आवाजाही रहती है। हादसे की भयावहता को देखते हुए गृहमंत्री अमित शाह गोवा के अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली लौट आए और दिल्ली सरकार और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह जुट जाने के निर्देश दिए। उधर, राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कालेज या विश्वविद्यालय में अच्छे होस्टल न होने के कारण छात्र पीजी में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में, अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी भगवान से प्रार्थना है कि मलबे में फंसे लोगों का सकुशल और जल्द रेस्क्यू हो जाए। दिल्ली में सरकार की लापरवाही के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं। सरकार को नींद से जागना होगा।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना बेहद दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।








