
वाशिंगटन। इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर जमकर फटकार लगाई है। न्यूयॉर्क पोस्ट की मानें तो फोन कॉल के दौरान ट्रंप ने गुस्से में कई बार अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। हाल ही में इजरायल ने दक्षिणी बेरुत में आतंकवादियों पर हवाई हमलों के आदेश दिए थे। इजरायल के इस कदम के बाद ईरान ने अमरीका के साथ चल रही बातचीत से पीछे हटने की धमकी दे डाली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू से फोन पर बातचीत के दौरान ट्रंप बेहद गुस्से में थे। उन्होंने नेतन्याहू से हिज्बुल्लाह पर किए जा रहे हमलों को तुरंत रोकने के लिए कहा। एक अमरीकी अधिकारी के मुताबिक, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो। अगर मैं न होता, तो तुम आज जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। इस समय हर कोई तुमसे नफरत करता है, तुम्हारी इन हरकतों की वजह से आज हर कोई इजरायल से नफरत कर रहा है। बता दें लेबनान के दक्षिणी सैदा जिले के मारवानियेह कस्बे पर सोमवार को हुए इजरायली हमले में एक महिला और दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई।







