
नई दिल्ली। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैनिकों के शहीद होने के संबंध में सदन को गुमराह किया। वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से आग्रह किया कि सदन को गुमराह करने के लिए रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने नोटिस में कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में 28 जुलाई, 2025 को हुई चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री ने सदन में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सैनिकों को कोई क्षति नहीं हुई है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इसके विपरीत बाद में जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों के छह जवानों की मृत्यु हुई थी। वेणुगोपाल ने अपने नोटिस में दावा किया कि इन तथ्यों से स्पष्ट है कि रक्षा मंत्री का सदन में दिया गया बयान गलत और भ्रामक था। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री द्वारा सदन को गुमराह करना अथवा सदन से तथ्य छिपाना विशेषाधिकार का हनन और सदन की अवमानना माना जाता है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले में रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया। इससे पहले कांग्रेस ने सोमवार को कहा था कि रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के विषय में संसद में झूठ बोलकर शहीदों का अपमान किया है और ऐसे में उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए।








