
ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में करीब 100 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर सामने आ रही है, जबकि एक श्रद्धालु की मौत हो गई है। बताया जा रहा है इस श्रद्धालु को सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु बड़ा डांडा पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ के चलते धक्का मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई श्रद्धालु गिर पड़े और अफरातफरी मच गई।








