
वाशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में जारी हिंसा और प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की इमिग्रेशन नीति पर निशाना साधा है। ट्रंप ने दावा किया कि पेरिस जल्द मुस्लिम शहर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने कई साल पहले मैक्रों को चेतावनी दी थी कि बड़ी संख्या में दूसरे देशों के लोगों को फ्रांस में आने देना बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों उनके दोस्त हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति से पहले ही कहा था कि इमिग्रेशन को लेकर उनकी नीति गलत है। ट्रंप ने कहा कि पेरिस जल्द मुस्लिम शहर बन जाएगा और यह वह समझौता नहीं था। उन्होंने फ्रांस में हालात बिगडऩे के लिए मैक्रों की इमिग्रेशन नीति को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, फ्रांस में हाल में हुए प्रदर्शन महंगाई, बढ़ते खर्च और सरकारी सेवाओं की स्थिति को लेकर शुरू हुए थे।
इस दौरान हिंसा और लूटपाट की घटनाएं भी हुईं। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मैक्रों को काफी समय पहले ही चेताया था कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों को फ्रांस आने देना सही फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि मैक्रों ने उनकी सलाह पर ध्यान नहीं दिया। ट्रंप के मुताबिक, फ्रांस की इमिग्रेशन नीति के कारण पेरिस का स्वरूप बदल रहा है। ट्रंप ने इसी संदर्भ में कहा कि फ्रांस को अपनी सीमाओं पर सख्ती करनी चाहिए। उन्होंने यूरोप की इमिग्रेशन नीतियों पर भी सवाल उठाए। दरअसल, ट्रंप का बयान ऐसे समय आया है, जब फ्रांस में वीकेंड के दौरान हुए प्रदर्शनों के बाद कई शहरों में हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं। राजधानी पेरिस समेत लिली, नीस और अन्य शहरों में सार्वजनिक सभाओं पर रोक और स्थानीय स्तर पर कफ्र्यू लगाया गया है।








