पत्नी ने ससुराल आने से किया मना तो गुस्साए पति ने ससुरालजनों पर चाकू से किए वार, दो की मौत

बरेली। उत्तर प्रदेश में बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक ने भरी पंचायत में अपने ससुरालजनों पर चाकू से हमला कर दिया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी एक अस्पताल में जीवन से संघर्ष कर रही है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में आज दोपहर अपनी पत्नी को मायके से ससुराल लाने की जिद पर अड़ा एक युवक ने संगीन वारदात कर दी। हमले में युवक की सास और साला गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया। जबकि पत्नी जीवन से संघर्ष कर रही है।
रहपुरा चौधरी गांव निवासी अफसर खान (30) की शादी वर्ष 2017 में सायमा (24) के साथ हुई थी। परिवार वालों ने बताया कि पत्नी ससुराल नहीं जाना चाहती थी। इसके लिए एक पंचायत बुलाई गई। सोमवार दोपहर पंचायत चल रही थी कि इसी दौरान पत्नी ने फिर मना कर दिया। उसका कहना था कि अफसर खान अपना व्यवहार सही करें। इसी बातचीत के बीच अचानक आरोपी अफसर खान चाकू से अपनी सास आसमां (45) पत्नी के भाई यानी अपने साले आदिल (19) पर हमला बोल दिया। हमले में आरोपी की पत्नी सायमा भी गंभीर रूप से घायल हुई थी जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।









