
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रह सकता है और 28 मई से पहले राहत की संभावना कम है। महीने के अंत तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है।
विभाग ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी लू से गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। तेलंगाना के 10 जिलों में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम और खम्मम जिलों में गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में 29 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लंबे समय तक खुले में काम करने से परहेज करने की सलाह दी है।







