
न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फस्र्ट सेक्रेटरी अनुपमा सिंह ने साफ किया है कि सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) पर दिल्ली अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा। कश्मीर पर एक बार फिर उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इस पर बहस की कोई गुंजाइश नहीं है। वहीं पाकिस्तान के खुद को आतंकवाद से पीडि़त कहने पर अनुपमा सिंह ने कहा कि इस देश का इतिहास दुनिया से छिपा नहीं है कि कैसे वह अपनी जमीन पर आतंक को पनाह देता रहा है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 62वें सत्र में बोलते हुए अनुपमा सिंह ने कहा कि पाकिस्तान वह देश है, जिसके रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ आतंकवादियों को पनाह देने, उन्हें ट्रेनिंग देने और उन्हें तैनात करने की नीति पर गर्व करते हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान खुद को आतंकवाद का शिकार बताता है। यह वाकई एक ऐसा विरोधाभास है, जिसे सिर्फ पाकिस्तान ही बनाए रख सकता है।








