
नई दिल्ली। आईपीएल के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने 16 साल बाद भारत लौटने की घोषणा की है। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) से जुड़े 2009 में दक्षिण अफ्रीका में हुए आईपीएल मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से बड़ी राहत मिलने के बाद ललित मोदी ने कहा कि वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की योजना बना रहे हैं।
ललित मोदी ने कहा कि 16 वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि वह शुरू से यही कहते आ रहे थे कि उन्होंने आईपीएल के हित में काम किया था और अब न्यायाधिकरण के फैसले ने उनकी बात को सही साबित कर दिया है। मोदी ने कहा कि मैं फैसले से बेहद खुश हूं। 16 साल तक मैंने लड़ाई लड़ी और आखिरकार सच सामने आ गया। अब यह अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपने जीवन में आगे बढऩा चाहता हूं। मैं भारत लौटने का इंतजार कर रहा हूं।








