काठमांडू। नेपाल में बाढ़ के बाद हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स की सुरंगों में फंसे कर्मचारियों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 898 कर्मचारी अब भी फंसे हैं, जबकि 361 कर्मचारियों को अब तक बचाया जा चुका है। त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ कामयाबी मिली है।
बचावकर्मी मशीनों की मदद से मिट्टी और गाद हटा रहे हैं। सुरंग में 6 इंच का छेद कर पाइप के जरिए हवा पहुंचाई जा रही है। अब इसे बड़ा कर मैनहोल बनाने की तैयारी है, ताकि बचाव दल सुरंग के अंदर जाकर लोगों की तलाश कर सके। 26 अगस्त को नेपाल की भोटेकोशी और त्रिशुली नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी। इस आपदा में नेपाल में अब तक 804 लोगों की मौत हो चुकी है।
रेस्क्यू किए 149 भारतीयों के नाम जारी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों के रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर 30 अगस्त शाम 5.30 बजे तक का अपडेट जारी किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रेस्क्यू किए गए 149 भारतीयों के नाम की एक लिस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की।








