
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर के पास ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ताओं और और लेफ्ट संगठनों ने प्रदर्शन किया। पटेल चौक से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड तोडक़र आगे बढऩे का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण संग 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के खिलाफ और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई। एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के नेतृत्व में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल, नित्या रामकृष्णन, पल्लव सिसौदिया, प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव समेत कार्यकर्ता पटेल चौक पर जुटे। यहां से जंतर-मंतर की ओर मार्च शुरू किया गया।








