6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले आरोपी का एनकाउंटर, भागने की कोशिश में था

रायसेन, भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान खान की देर रात पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस को उस पर गोली चलानी पड़ी। घायल आरोपी सलमान को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात गौहरगंज लाया जा रहा था, तभी वह पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश करने लगा। ओबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में हुई इस घटना के दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे रोक लिया। उसे घायल अवस्था में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। आरोपी सलमान को कल देर रात भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से पकड़ा गया था। इसके बाद रायसेन पुलिस उसे गौहरगंज ले जा रही थी।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा था। पीडि़ता के परिजन और हिन्दू संगठन आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। इसी बीच सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा न्यायालय और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। आरोपी गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे भोपाल के गांधीनगर से पकड़ में आ गया। पुलिस से पूछताछ में उसने दावा किया कि वो जंगल के रास्ते पैदल आया है, जिसके बाद रायसेन की गौहरगंज पुलिस उसे अपने साथ ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की। गौहरगंज में पिछले शुक्रवार को आरोपी द्वारा छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद से आरोपी फरार था। हालांकि दो दिन पहले उसके दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जिसमें वो घटना के बाद एक स्थानीय दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद ये भी दिखा था कि लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो जंगल की ओर भाग गया। पिछले लगभग एक सप्ताह से ये मामला राजधानी भोपाल और रायसेन के प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का सबब बना हुआ था। पुलिस की लापरवाही और मामले में हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों के जनाक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दो दिन पहले रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय को हटा दिया था। इसके बाद नवागत एसपी आशुतोष गुप्ता ने कल ही घटना स्थल गांव पांजरा जाकर दुष्कर्म की पीडि़ता के घर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की थी। उन्होंने उन सभी स्थानों का मुआयना भी किया था, जहां से आरोपी के भागने की आशंकाएं व्यक्त की गईं थीं। इसके पहले बुधवार को 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में सकल हिंदू समाज द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव भी किया, हालांकि पुलिस प्रशासन ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर शांति व्यवस्था बहाल कर दी थी। इसी बीच दुष्कर्म की शिकार बच्ची अब भी राजधानी भोपाल के एम्स में भर्ती है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।







