
नई दिल्ली। ईरान-अमेरिका संघर्ष के केंद्र में स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में ड्रोन हमले के बीच, शुक्रवार को जलडमरूमध्य के पास आग लगने के बाद 18 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाली एक लकड़ी की नाव पलट गई, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सरकार के एक सूत्र ने शनिवार को बताया कि लकड़ी की नाव में सामान्य माल लदा हुआ था और आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
सुत्र ने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य के पास कल सामान्य माल लदा हुआ एक लकड़ी की नाव जिसमें 18 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे, आग लगने के बाद पलट गई। आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। चालक दल के सदस्यों को पास से गुजर रहे एक जहाज द्वारा बचाया गया। इस घटना में नाव पर सवार एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। घायलों का दुबई में इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं।” सूत्रों के अनुसार, भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने कल रात बचाए गए भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और वाणिज्य दूतावास नाव के मालिक के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।








