पूर्वी उत्तर प्रदेश में ‘लू’ का प्रकोप , प्रयागराज रहा देश का सबसे गर्म शहर

लखनऊ। पूर्वी उत्तर प्रदेश में उष्ण लहर (लू) का दौर जारी है और प्रभावी मौसमी गतिविधियों के अभाव में सोमवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में रहे। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसमी सक्रियता छिटपुट गतिविधियों तक सीमित है। इसके परिणामस्वरूप आगामी तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में मामूली वृद्धि होने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा मंगलवार को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 23 से 27 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं अथवा कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए इस अवधि में कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस बीच लंबे अंतराल के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता में वृद्धि दर्ज की गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 से 27 जून तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 28 और 29 जून को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश अथवा बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में मानसून के प्रवेश में अभी कुछ समय लग सकता है। तब तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है।








