पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘कला उत्सव’ का आयोजन

तमिलनाडु की कला-संस्कृति से सजा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव का मंच
लखनऊ। केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभाग के तत्वावधान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘कला उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संभाग की उपायुक्त सोना सेठ, प्राचार्य संजीव अग्रवाल, उपप्राचार्य प्रदीप मिश्रा एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजन में चकेरी, अरमापुर, सीतापुर, अलीगंज, गोमती नगर, एएमसी बरेली और रायबरेली के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष की थीम तमिलनाडु रही। विद्यार्थियों ने गायन, वादन, नृत्य, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में तमिलनाडु की समृद्ध कला एवं संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय/संस्थान से आमंत्रित विशेषज्ञ निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया और उन्हें आवश्यक सुधार के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उपायुक्त श्रीमती सोना सेठ ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और विभिन्न राज्यों की परंपराओं को समझने की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए विविधता में एकता का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं।















