
काठमांडू। नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनल ने उन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि नेपाल सरकार ने बाढ़ से मची तबाही के बाद भारत, चीन और अमरीका से जलवायु संबंधित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि नेपाल की अपील किसी देश विशेष से मुआवजा मांगने के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक समुदाय का ध्यान जलवायु परिवर्तन के व्यापक और गंभीर प्रभावों की ओर खींचने के लिए थी। विदेश मंत्री शिसिर खनल ने कहा कि न तो मैंने, न ही विदेश मंत्रालय या नेपाल सरकार के किसी प्रतिनिधि ने भारत, चीन और अमरीका सहित किसी भी अन्य देश से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि हम भारत से मुआवजा नहीं चाहते, बल्कि मदद की उम्मीद करते हैं।
विदेश मंत्री ने 2015 के भीषण भूकंप के समय भारत द्वारा दी गई ऐतिहासिक सहायता को याद करते हुए उम्मीद जताई कि भारत इस संकट के बाद पुनर्निर्माण और पुनर्वास के चरण में भी नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।








