ताजा खबरदुनिया

9/11 हमले के आरोपी का सऊदी से कनेक्शन, 25 साल बाद सामने आया अमरीका पर हुए आतंकी हमले का सच

वाशिंगटन। अमरीका पर 11 सितंबर, 2001 को हुए आतंकवादी हमले के 25 साल बाद अब एक रिपोर्ट में इसे लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। हमले से जुड़े संदिग्ध उमर अल-बायौमी के सऊदी सरकार के अधिकारियों और अल-कायदा के आतंकी अनवर अल-अवलाकी के साथ संबंधों की पुष्टि करने वाले नए वीडियो सामने आए हैं। यह खुलासा एक जांच रिपोर्ट में हुआ है। ये वीडियो और अन्य दस्तावेज अमरीका में 9/11 पीडि़त परिवारों की ओर से सऊदी अरब के खिलाफ दायर करीब एक ट्रिलियन डॉलर के मुकदमे के दौरान सार्वजनिक हुए। परिवारों का आरोप है कि बायौमी ने पेंटागन पर हमला करने वाले दो किडनैपर्स की मदद की थी। हालांकि सऊदी अरब और बायौमी दोनों ने इन आरोपों से इनकार किया है।

सऊदी से 1994 में सैन डिएगो पहुंचे बायौमी ने दावा किया था कि वह यहां अंग्रेजी पढऩे आया था, लेकिन वह यहां कई तरह की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो गया था। 1997 या 1998 की फुटेज में बायौमी को अनवर अल-अवलाकी और सऊदी इस्लामिक मामलों के मंत्रालय के एक अधिकारी के साथ पेंटबॉल खेलते देखा जा सकता है। फुटेज में कुछ लोग सैन्य वर्दी जैसे कपड़े पहने हैं और अल्लाहू अकबर के नारे भी लगा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया है कि इन सत्रों का इस्तेमाल जेहादी ट्रेनिंग के लिए किया जाता था। इस बीच 1998 के एक अन्य वीडियो में बायौमी और अवलाकी को गले मिलते हुए भी देखा जा सकता है।

यूके में मिला विमान का नक्शा

9/11 हमले के दो किडनैपर्स नवाफ अल-हजमी और खालिद अल-मिहधार के घर से मिले दस्तावेजों में नाम आने के बाद बायौमी एफबीआई का संदिग्ध बना था। 21 सितंबर, 2001 को ब्रिटिश पुलिस ने बायौमी को बर्मिंघम से गिरफ्तार किया। उसके पास से 80 से ज्यादा वीडियो टेप और दस्तावेज मिले। दस्तावेजों में एक हाथ से बना विमान का चित्र और लक्ष्य से उसकी दूरी और ऊंचाई का हिसाब लिखा एक पन्ना भी मिला था। पीडि़तों के वकीलों और अमरीकी जज ने माना कि यह दस्तावेज दिखाता है कि बायौमी को 9/11 हमलों की पहले से जानकारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *