
रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया। प्रदेश भर में भाजपा के बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। राजधानी रांची की सडक़ों पर भी बंद का असर देखने को मिला। हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सडक़ को जाम कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। सडक़ जाम होने के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। कुछ जिलों में कार्यकर्ता जबरन दुकानें बंद कराते भी नजर आए।
कई शहरों में पुलिस ने लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा के पास जुटे थे, जहां उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस पहुंची। इसके बाद कुछ कार्यकर्ता सडक़ पर लेट गए, जबकि कुछ पुलिस वैन के आगे बैठ गए। पुलिस लगातार उन्हें हटाने की कोशिश करती रही, इसी दौरान धक्का-मुक्की और झड़प हुई। बंदी के कारण आम दिनों की तुलना में रांची में बसों और अन्य यात्री वाहनों का परिचालन कम दिखाई दिया।









