
शेनझेन। दुनिया की तीन बड़ी परमाणु शक्तियों अमरीका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्ष गुरुवार को चीन के टेक हब शेनझेन में एक साथ बातचीत की मेज पर आए। एक घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में परमाणु हथियारों और ईरान, यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा हुई। चीन-अमरीका-रूस ने न्यूक्लियर बातचीत करने और इसके दुनिया के अन्य देशों में जाने से रोकने का वादा किया। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यह पहली त्रिपक्षीय बैठक थी। इस ऐतिहासिक मुलाकात को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। बातचीत के केंद्र में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, वैश्विक शांति और यूक्रेन समेत अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का समाधान रहा। तीनों देशों ने दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वीकार की। जिनपिंग ने शीत युद्ध वाली सोच छोडऩे की अपील की। पुतिन ने कहा कि तीनों देश मिलकर वैश्विक स्थिरता बढ़ा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि मतभेद होने के बावजूद नेताओं को बातचीत नहीं छोडऩी चाहिए।








