
वॉशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि आयातित वस्तुओं पर लगाए जाने वाले आपातकालीन करों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के फैसले से कोई असर नहीं पड़ेगा और भारत आयात शुल्क देना जारी रखेगा जबकि अमरीका को कोई शुल्क नहीं देना है। उन्होंने कहा कि भारत-अमरीका व्यापारिक समझौता जारी है। ट्रंप ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि भारत के साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं और हम उसके साथ व्यापार जारी रखे हुए हैं। भारत रूस से बाहर निकल गया। भारत अपना तेल रूस से ले रहा था और वह मेरे कहने पर बहुत पीछे हट गया क्योंकि हम उस संघर्ष को खत्म करना चाहते हैं जिसमें हर महीने 25,000 लोग मर रहे हैं।”
अमेरिका और भारत ने फरवरी की शुरुआत में घोषणा की कि उन्होंने अंतरिम व्यापारिक समझौते के लिए एक ढ़ांचा बना लिया है। ट्रंप ने एक आदेश जारी किया, जिसमें रूस की तेल खरीद के लिए भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक आयात शुल्क हटा दिया गया और जवाबी आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। ट्रंप ने दावा किया कि नयी दिल्ली ने मॉस्को से ऊर्जा आयात बंद करने और अमेरिकी ऊर्जा वस्तुओं को खरीदने का वादा किया है।









