
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर से भी चुनाव लड़ाने का फैसला किया है, जहां से ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं और वर्तमान में यहां से विधायक भी हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले ममता बनर्जी के करीबी रहे सुवेंदु अधिकारी के भवानीपुर से चुनाव लडऩे के फैसले से एक बार फिर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक टकराव की प्रबल संभावना पैदा हो गई है। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लडऩे का फैसला किया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद भवानीपुर से टीएमसी विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने ममता के लिए अपनी सीट छोडऩे का फैसला किया था और यहां से वह उपचुनाव में जीतकर बंगाल विधानसभा में पहुंची थीं।









