
नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से गैर-ब्रांडेड डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गया है। पहले इसकी कीमत 87.67 रुपए प्रति लीटर थी। इसी प्रकार एक लीटर पेट्रोल की कीमत तीन रुपए बढ़ाकर 97.77 रुपए कर दी गयी है। डेढ़ साल में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। पिछली बार 30 अक्तूबर, 2024 को दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम बढ़ाये गए थे।
गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद ब्रांडेड डीजल की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गयी है। इससे पहले मार्च में इसमें दो रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। दूसरे शहरों में भी कीमतों में लगभग इसी तरह की बढ़ोतरी की गई है, हालांकि वैट और लॉजिस्टिक्स लागत में अंतर के कारण कीमत वृद्धि में कुछ अंतर होता है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 3.29 रुपए बढक़र 108.74 रुपए और चेन्नई में 2.83 रुपए बढक़र 103.67 रुपए प्रति लीटर हो गया है। डीजल कोलकाता में 3.11 रुपए और चेन्नई में 2.86 रुपए महंगा हुआ है। इसकी कीमत आज से क्रमश: 95.13 रुपए और 95.25 रुपए प्रति लीटर हो गई है।







