उत्तर प्रदेशताजा खबरभारत

आज मनाया जाएगा वृक्षारोपण महोत्सव, 86 लाख से अधिक पौधे लगाने का आह्वान

आयुक्त बोले- अभियान को उत्सव की तरह मनाएं, हर नागरिक की भागीदारी हो सुनिश्चित

चित्रकूट। शासन के निर्देशानुसार रविवार को जनपद में वृक्षारोपण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर जोर देते हुए कहा कि इसे उत्सव की तरह मनाया जाए और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा चित्रकूट को हरा-भरा बनाने की है। जनपद को शासन की ओर से 86 लाख पौधारोपण का लक्ष्य मिला है, लेकिन सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से इस लक्ष्य से भी अधिक पौधे लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, छात्र और आमजन सभी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जहां भी खाली भूमि उपलब्ध हो, वहां पौधारोपण कराया जाए ताकि जिले का पर्यावरण और अधिक समृद्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वृक्षों से ऑक्सीजन, फल, लकड़ी सहित अनेक आवश्यक संसाधन प्राप्त होते हैं। इसलिए लोगों को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक एक पेड़ मां के नाम पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।

आयुक्त ने बताया कि रविवार को वृक्षारोपण महोत्सव का शुभारंभ हनुवां ग्राम पंचायत से होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरे मनोयोग से अभियान में जुटने के निर्देश देते हुए कहा कि जिस विभाग को जितना लक्ष्य मिला है, उससे अधिक पौधारोपण करने का प्रयास किया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।

बैठक के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को बेहतर टीम प्रबंधन का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से किस प्रकार कार्य लेता है। प्रत्येक कर्मचारी की कार्यशैली अलग होती है, इसलिए उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी देकर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। एक कुशल टीम लीडर ही बेहतर परिणाम दिला सकता है।

प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार ने बताया कि शासन ने जनपद चित्रकूट के लिए 86 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हालिया चित्रकूट दौरे के दौरान हरिशंकरी का पौधा रोपित कर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 23 विभागों को पौधारोपण का लक्ष्य आवंटित किया जा चुका है। सभी विभागों के समन्वित प्रयास से लक्ष्य पूरा करने के साथ-साथ चित्रकूट को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर, अरुण कुमार यादव, स्वप्निल यादव, उप जिलाधिकारी अजय कुमार यादव, मोहम्मद जसीम, सौरभ यादव, राम ऋषि रमन, राकेश कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला, तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी, वन्य जीव प्रतिपालक गोविंद प्रसाद अधिशासी अधिकारी लालजी यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *