ताजा खबरभारतराज्य

बांग्लादेश सीमा के पास संदिग्ध ISI एजेंट गिरफ्तार, 2012 में नेपाल के रास्ते आया था भारत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर 24 परगना जिले के बोंगोन में बांग्लादेश सीमा के पास से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक संदिग्ध एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राणा राउत के रूप में हुई है, और वह ‘वहाब आलम’ नाम से पहचान बदलकर रह रहा था। जांच अधिकारियों के अनुसार, मूल रूप से पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला राणा राउत 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से दाखिल हुआ था।

नेपाल में कुछ समय बिताने के बाद वह पश्चिम बंगाल में बस गया और फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय नागरिक के रूप में रहने लगा। उस पर भारतीय सेना की आवाजाही और रेलवे के बुनियादी ढांचे से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजने का गंभीर संदेह है। हाल ही में आतंकवादियों के साथ संबंधों के आरोप में हुई एक अन्य गिरफ्तारी के बाद राणा बंगलादेश भागने की योजना बना रहा था, लेकिन खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने मंगलवार देर रात उसे दबोच लिया।

उल्लेखनीय है कि यह गिरफ्तारी बंगाल एसटीएफ द्वारा जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने के संदिग्ध हमीम मोंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जो वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की जानकारियां जुटाने में शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *