ताजा खबरदिल्लीभारत

50 डिग्री पारे ने पिघलाया भारत, यूपी के झांसी में अधिकतम तापमान 49 डिग्री दर्ज

नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राजस्थान से लेकर पंजाब तक हर जगह गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल कुछ दिनों गर्मी से राहत के आसार नहीं है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को नौतपा का चौथा दिन था। राज्य के कई जिलों में लू का प्रकोप हैं। राजस्थान के चुरू में गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। मंगलवार को राजस्थान के चुरू में अधिकतम तापमान 50.5 दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान का फलोदी लगातार तीसरे दिन भी सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 49.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

इससे पहले साल 1999 में पिलानी में 48.6 डिग्री पारा दर्ज किया गया था। राजस्थान के चूरू में अब तक सर्वाधिक तापमान 50.8 डिग्री है, जो साल 2019 में दर्ज किया गया था। पंजाब और हरियाणा में भी इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। पंजाब के बठिंडा में मंगलवार का दिन का पारा 49.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 49.3 डिग्री और सिरसा में 50.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में मंगलवार को अधिकांश स्थानों पर लू चली और कुछ स्थानों पर भीषण लू चली। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में गर्मी की तपिश इतनी है कि कई जिलों का तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया है। एमपी के निवाड़ी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में इन दिनों चिलचिलाती हुई गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को यूपी के झांसी में अधिकतम तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *