
नई दिल्ली। नीट गड़बड़ी मामले में पूरा विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एनईईटी-यूजी समेत राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार ने पूरी शिक्षा व्यवस्था को माफिया और ‘भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया है। प्रियंका का यह बयान केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के कामकाज की समीक्षा करने और परीक्षा सुधारों की सिफारिश करने के लिए एक पैनल गठित करने के एक दिन बाद आया है।
केंद्र ने शनिवार को एजेंसी के महानिदेशक सुबोध सिंह को भी हटा दिया और मेडिकल प्रवेश परीक्षा एनईईटी-यूजी में अनियमितताओं की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी। एक्स पर एक पोस्ट में, प्रियंका गांधी ने कहा कि एनईईटी-यूजी का प्रश्नपत्र लीक हो गया था, जबकि एनईईटी-पीजी, यूजीसी-नेट और सीएसआईआर-नेट परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश की कुछ सबसे बड़ी परीक्षाओं का यही हाल है। भाजपा के राज में पूरी शिक्षा व्यवस्था माफिया और भ्रष्टाचारियों के हवाले हो गई है।
मूकदर्शक बने मोदी
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि स्थिति यह हो गई है कि भाजपा सरकार एक परीक्षा भी निष्पक्ष तरीके से नहीं करवा पा रही है। देश के सक्षम युवा भाजपा के भ्रष्टाचार से लडऩे में अपना कीमती समय और ऊर्जा बर्बाद कर रहे हैं और असहाय मोदी जी सिर्फ मूकदर्शक बने हुए हैं।