
नई दिल्ली। भारत मंडपम नई दिल्ली में शनिवार और रविवार को होने जार रहे 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के लिए सदस्य देशों के नेता भारत पहुंच रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शनिवार को दिल्ली पहुंचे। उनका विमान पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इसके बाद उनका काफिला भारत मंडपम के लिए रवाना हो गया। पालम एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री कीर्तीवर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। ब्रिक्स सम्मेलन दोपहर 2 बजे शुरू होगा।
भारत मंडपम में होने वाले इस दो दिवसीय समिट में ब्रिक्स नेता वैश्विक और साझा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। समिट के पहले दिन कई अहम कार्यक्रम होंगे, जिनमें पहला सेशन, इंडिया इनोवेशन प्रदर्शनी का दौरा, फैमिली फोटो, संयुक्त पौधारोपण और पीएम मोदी की मेजबानी में गाला डिनर शामिल है। इससे पहले आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की। पेजेशकियन भारत की राजधानी में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर हैं। इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। यह मुलाकात बिश्केक में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान हुई पिछली बैठक के बाद आगे की बातचीत का हिस्सा रही।








