
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार को मुंबई में हुई गोलीबारी कांड में ट्विस्ट आ गया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि उनके निशाने पर टाइगर श्रॉफ नहीं थे, बल्कि वे लोग किसी और बड़ी हस्ती को मारने आए थे, लेकिन जब उनका तय टारगेट नहीं मिला तो उन लोगों ने टाइगर श्रॉफ को ही निशाना बना लिया। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि हमलावरों का असली निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं थे। आरोपियों से शुरुआती पूछताछ के अनुसार, वे लोग किसी अन्य प्रमुख व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए मुंबई आए थे।
हालांकि, अपने असली लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल लगने पर, उन्होंने अपना ध्यान टाइगर श्रॉफ की ओर मोड़ दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों को टाइगर श्रॉफ के प्रशंसकों द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील्स से पता चला कि अभिनेता के साथ आमतौर पर पुलिस सुरक्षा नहीं होती, जिससे उन्हें निशाना बनाना आसान हो गया।
दहशत फैलाने का इरादा
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने बॉलीवुड में दहशत फैलाने के इरादे से अभिनेता की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ के इंस्टाग्राम अकाउंट और उनके प्रशंसकों द्वारा शेयर की गई पोस्ट के जरिए अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रखी और पूरी रेकी की। रविवार शाम को हुई इस गोलीबारी की घटना वीडियो में कैद हो गई। दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे 36 वर्षीय अभिनेता इस घटना में बाल-बाल बच गए। हालांकि, गोलीबारी में उनका ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।








