पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोमतीनगर में शिक्षकों के लिए “निवेशक जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन
निवेश जागरूकता से सशक्त शिक्षक
लखनऊ। लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में आज शिक्षकों के लिए एक विशेष निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम Awoke India द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो SEBI में पंजीकृत है, ताकि आम निवेशक सुरक्षित और सही निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदतों और सुरक्षित निवेश के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्री प्रवीन द्विवेदी (संस्थापक एवं अध्यक्ष Awoke India) एवं प्रशिक्षक के रूप में श्री सुशील कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने भी सहभागिता की।
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने निवेश की बुनियादी समझ के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और सतर्कता बरतने के महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और बचत एवं निवेश से जुड़े विषयों पर खुलकर प्रश्न पूछे। उन्होंने अपनी वित्तीय योजनाओं, सुरक्षित निवेश विकल्पों और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को SEBI App 2.0 के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करना, शिकायत दर्ज करना, निवेश विकल्पों को समझना तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना आसान हो जाता है। इस पहल को प्रतिभागियों ने काफी उपयोगी और आधुनिक समय की आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि सही वित्तीय योजना और नियमित निवेश से व्यक्ति अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकता है। साथ ही, डिजिटल युग में सतर्क रहना और जागरूक निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक सहभागिता के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय जागरूकता को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।







