ताजा खबरदिल्लीभारत

पंजाब पुलिस के पूर्व DIG भुल्लर पर ED का शिकंजा

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) पंजाब पुलिस के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर और अन्य से संबंधित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), चंडीगढ़ ने पूर्व DIG और अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, उनके आधार पर ही ये कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति और एक आपराधिक मामले के निपटारे के लिए बिचौलिए के माध्यम से अवैध धनराशि की मांग जैसे आरोप शामिल हैं।

प्रवर्तन निदेशालय के एक अधिकारी ने कहा, “आरोपी, सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़े 11 परिसरों (चंडीगढ़-2, लुधियाना जिला-5, पटियाला-2, नाभा-1 और जालंधर-1) में धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 17 के तहत तलाशी ली जा रही है।” अधिकारी ने बताया कि तलाशी का उद्देश्य अपराध से अर्जित आय का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और धन शोधन से संबंधित साक्ष्य एकत्र करना है।

गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) ने पिछले साल अक्टूबर में पूर्व उप महानिरीक्षक (डी.आई.जी.) हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। उन्हें 17 अक्टूबर, 2025 को एक अन्य मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। सीबीआई की प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार, आकाश बारा ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पंजाब पुलिस के डीआईजी (रोपड़ रेंज) भुल्लर और एक निजी व्यक्ति कृषानु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7ए के तहत 16 अक्टूबर को एक नियमित मामला दर्ज किया गया था।

सीबीआई ने इस मामले में बिचौलिए आरोपी कृषानु को शिकायतकर्ता से श्री भुल्लर के लिए पांच लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद सीबीआई ने श्री भुल्लर और बिचौलिए कृषानु को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की एफआईआर के अनुसार, “उक्त मामले की जांच के क्रम में, चंडीगढ़ स्थित भुल्लर के आवासीय परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 7,36,90,000 रुपए नकद बरामद किए गए, जिनमें से 7,36,50,000 रुपए जब्त कर लिए गए। इसके अलावा, कुल 2,32,07,686 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और चांदी की वस्तुएं (भुल्लर के शयनकक्ष से), तथा 26 ब्रांडेड और महंगी घड़ियां भी बरामद की गईं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *