ताजा खबरदिल्लीभारत

कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बाद भी जनता को राहत नहीं दे रही सरकार: खड़गे

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद वह जनता को राहत नहीं दे रही है बल्कि अपना खजाना भरने में मशगूल है। खड़गे ने मंगलवार को आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 26 मई 2014 को जब नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, उस समय भारतीय बास्केट का कच्चा तेल 108.05 डॉलर प्रति बैरल था और डॉलर-रुपया विनिमय दर 58.59 रुपए थी। तब पेट्रोल 71.51 रुपये और डीज़ल 56.71 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था।

उन्होंने कहा कि आज कच्चे तेल की कीमत 99 डॉलर प्रति बैरल से कम है, लेकिन पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़कर क्रमशः 102.12 रुपए और 95.20 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। खड़गे ने कहा कि इस दौरान पेट्रोल करीब 42.8 प्रतिशत और डीज़ल करीब 67.9 प्रतिशत महंगा हो चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों का असर केवल ईंधन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवहन, खाद्य वस्तुओं और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ता है, जिससे आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल पूछा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता हुआ है, तो पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें कम क्यों नहीं की जा रही हैं और जनता को राहत क्यों नहीं दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *