
हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गयी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक की सतर्कता, यात्रियों की समझदारी और पुलिस-फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के कारण बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस आज सुबह करीब चार बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बस जब क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर पहुंची, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही रुड़की से फायर टेंडर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। चालक के अनुसार आग इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी हुई है।







