केंद्रीय विद्यालय लखनऊ संभाग द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोमती नगर में पीजीटी (गणित) की क्षेत्रीय कार्यशाला का शुभारंभ

लखनऊ। केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभाग द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोमती नगर में 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित क्षेत्रीय स्तरीय विषय संवर्धन कार्यशाला (पीजीटी-गणित) का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
यह तीन दिवसीय कार्यशाला केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभाग के सह आयुक्त घनश्याम पांडे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के सफल आयोजन में मेजबान विद्यालय के प्राचार्य संजीव अग्रवाल का विशेष सहयोग एवं प्रभावी समन्वय रहा।
कार्यशाला का उद्देश्य स्नातकोत्तर गणित शिक्षकों के विषयगत ज्ञान को समृद्ध करना, नवीन शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षण दृष्टिकोण तथा विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों को बेहतर बनाने के लिए अनुभवों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है।
इस अवसर पर लखनऊ संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए पीजीटी (गणित) शिक्षक सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा विषय-विशेष व्याख्यान, समूह चर्चा, गतिविधि-आधारित शिक्षण, प्रश्नपत्र निर्माण, मूल्यांकन तकनीकों एवं सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।
प्रतिभागियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव विद्यार्थियों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। तीन दिवसीय यह कार्यशाला 7 अगस्त 2026 तक चलेगी।











