
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और यही कारण है कि वह इस मुद्दे पर संसद में आकर जवाब नहीं दे रहे हैं लेकिन देश के जिन युवाओं को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है वह उनके साथ खड़े हैं इसलिए युवाओं को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने बुधवार को 10 जनपथ के बाहर देश के विभिन्न हिस्सों से आए उन आंदोलनकारियों के साथ संवाददाताओं को संबोधित किया जिनका आरोप है कि आंदोलन में शामिल होने के कारण उनको डराया और धमकाया जा रहा है। उन्होंने इन युवाओं से बातचीत की है और उनकी पीड़ा को समझा है। उन्होंने बताया कि ये युवा देश के अलग-अलग राज्यों से आये हैं और सभी ने बताया कि उन्होंने किसी प्रकार की हिंसा नहीं की, लेकिन उनके साथ लगातार हिंसा, धमकी और उत्पीड़न हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा, “जब किसी नागरिक के साथ अन्याय होता है तो उसकी मदद करना हमारा कर्तव्य है। महिलाओं के घरों में गुंडे भेजे जा रहे हैं और उन पर जबरन गलती स्वीकार करने का दबाव बनाया जा रहा है। आज ये युवा देश की प्रेस के सामने हैं, लेकिन अमित शाह संसद के सामने नहीं आ सकते। अगर वह संसद में नहीं आ रहे हैं तो इसकी दो ही वजह हैं, या तो वह जानते हैं कि छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के लिए वही जिम्मेदार हैं या फिर वह जवाब देने से बच रहे हैं।”
मुंबई से आई रिया अहीर ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को न पढ़ने दिया जा रहा है और न ही उन्हें सुरक्षित माहौल मिल रहा है। उनका कहना था कि वह पुलिस की गाडी के सामने आयी थी और उनका यह वीडियो खूब चलाया जा रहा है। झारखंड की नूतन ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उनके सामने पैलेट गन चलायी गयी थी और गोली उनके कान के बगल से सनसनाते हुए निकली है। उत्तर प्रदेश की फरहनाज ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ गुंडों जैसा व्यवहार किया, जबकि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे थे।
नागपुर से आए भारत भाई ने आरोप लगाया कि छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गयी और उन्होंने कई छात्रों को खून से लथपथ देखा। वहीं मुस्कान ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण मार्च के दौरान एक पुरुष पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्रता की और उन पर लाठी चलायी। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ गलत माहौल बनाया जा रहा है।









