ताजा खबरदिल्लीभारत

राष्ट्रगीत अपमान मामला (Video) : ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान पर सोनिया के खिलाफ FIR दर्ज

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है और दिल्ली के आईपी स्टेट थाने और कर्नाटक के मंगलुरु के उर्वा पुलिस स्टेशन में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करवा दी है। आरोप लगाने वाले भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने कहा कि पूरे भारत ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी की हरकतें देखी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में झंडा फहराने के कार्यक्रम के दौरान, जब ‘वंदे मातरम्’ बजाया जा रहा था, तो सोनिया गांधी कार्यक्रम में बाधा डाल रही थीं और अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘वंदे मातरम्’ रोकने के लिए कह रही थीं। उन्होंने आगे कहा कि अब ‘वंदे मातरम्’ हमारे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर है। जो कोई भी इसका अपमान करता है, चाहे उसका पद या ताकत कुछ भी हो, उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इसलिए मैंने सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज कराने के लिए उरवा पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत की है। अगर राज्य की कांग्रेस सरकार और पुलिस इसमें नाकाम रहती है, तो मैं कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर करूंगा और मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ वंदे मातरम को लेकर विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस मामले को लेकर कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ में कहा कि सोनिया जी, 140 करोड़ जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया यह पाप इस देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस के लोगों को शर्म आनी चाहिए और थोड़ी भी शर्म बची है, तो दोनों हाथ जोडक़र बंकिम बाबू और देश की जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए। इसी बीच, राष्ट्रगीत के रचयिता ऋषि बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज और नैहाटी से भाजपा विधायक सुमित्रो चटर्जी ने सोनिया गांधी को पत्र भेजकर कांग्रेस नेतृत्व के रवैये का विरोध किया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के साथ जो व्यवहार किया गया, उससे देशवासियों और बंगाल की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। वंदे मातरम् को लेकर यह विवाद ऐसे समय हुआ है, जब संसद ने हाल ही में इसे कानूनी संरक्षण देने वाला नया कानून पास किया है। इसके तहत वंदे मातरम् को ‘जन गण मन’ के बराबर कानूनी संरक्षण मिला है। जानबूझकर इसके अपमान या गायन में रुकावट डालने पर तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

कांग्रेस की सफाई, पूरा वंदे मातरम् गाया गया

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पूरे मामले पर कांग्रेस का पक्ष रखते हुए कहा कि वंदे मातरम् रोकने की कोई कोशिश नहीं हुई थी। कांग्रेस अध्यक्ष काफी देर से खड़े थे, इसलिए सोनिया गांधी कह रही थीं कि उनके लिए कुर्सी लाकर वहां रख दीजिए। जयराम ने दावा किया कि मुख्यालय पर वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाया गया था और इसे रोकने की कोई कोशिश नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *