ताजा खबरदिल्लीभारत

राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में पीएम मोदी की मिमिक्री से भडक़ी बीजेपी

नई दिल्ली। राहुल गांधी के इंदौर में हुए कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ पर विवाद हो गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में पीएम मोदी की मां का अपमान किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा- कांग्रेस पार्टी कॉमेडियंस और जोकर्स की पार्टी बन गई है। वे हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं: रेस्ट इन पीस। वहीं शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि राहुल और कांग्रेस पार्टी नैतिक दिवालियापन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। छात्र संवाद का इस्तेमाल पीएम मोदी की दिवंगत मां का मजाक उड़ाने और उनका अपमान करने के लिए करना बुनियादी मानवीय संवेदना और राजनीतिक संस्कृति की चौंकाने वाली कमी दिखाता है। बता दें कार्यक्रम के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि के पीएम मोदी के हाव-भाव, उनके विदेशी भाषणों और हाल ही में एक रैली के दौरान एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई बातचीत की नकल उतारे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। इंदौर में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की आवाज और बोलने के अंदाज की मिमिक्री की।

कॉमेडियन ने विदेशी नेताओं से प्रधानमंत्री की मुलाकात का जिक्र करते हुए बार-बार माई फ्रेंड, हाउ आर यू?’ कहा! इस पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी ने हंसते हुए जवाब दिया- आई एम फाइन, हाउ आर यू, मोदी जी? एक्ट के दौरान हाल ही में पीएम मोदी के एक जनसभा में एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाने की घटना, पीएम के सिक्का-ट्रिक का जिक्र करते हुए व्यंग्य कसा गया। मिमिक्री के दौरान एआई समिट के गलगोटिया विवाद और भारत की विदेश नीति पर भी कटाक्ष किया गया। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने बीजेपी और आरएसएस पर शिक्षा व्यवस्था को खोखला और भ्रष्ट करने का आरोप लगाया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े हैं, इसलिए सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और जवाबदेही मांग रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *